सामाजिक विज्ञान पूर्व माध्यमिक परीक्षा, कक्षा-8 वीं मॉडल प्रश्न-पत्र सेट-I

पूर्व माध्यमिक परीक्षा, कक्षा-8 वीं

मॉडल प्रश्न-पत्र सेट-I

विषय -सामाजिक विज्ञान

समय : 2:30 घण्टे

पूर्णांक : 80 अंक

निर्देश- 1. सभी प्रश्न हल करना अनिवार्य है।

2. प्रश्नों के लिए निर्धारित अंक उनके सम्मुख अंकित हैं।

3. प्रश्न क्रमांक 15 तथा 16 में आंतरिक विकल्प का प्रावधान है।

प्रश्न 1. सही विकल्प चुनिए- अंक 10

1. उद्यान कृषि क्या है-

(a) गेहूँ की कृषि

(b) चावल की कृषि

(c) आदिम कृषि

(d) फलों व सब्जियों की कृषि।

उत्तर-(d) फलों व सब्जियों की कृषि।

2. संसार की प्रमुख रेशेदार फसल है-

(a) पटसन

(b) कपास

(c) जूट

(d) रेशम।

उत्तर-(b) कपास

3. 1857 की क्रांति कब प्रारंभ हुई -

(a) 10 मई, 1857

(b) 12 मई, 1857

(c) 16 जून, 1858

(d) 20 जुलाई, 1858

उत्तर-(a) 10 मई, 1857

4. वंदे मातरम् के रचयिता हैं -

(a) इकबाल

(b) श्रीमती सरोजनी नायडू

(c) रवीन्द्रनाथ टैगोर

(d) बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ।

उत्तर-(d) बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ।

5. हीराकुण्ड बाँध स्थित है -

(a) ओडिसा में

(b) छत्तीसगढ़ में

(c) मध्यप्रदेश में

(d) पश्चिम बंगाल में।

उत्तर-(a) ओडिसा में

प्रश्न 2. सही जोड़ी का मिलान कीजिए- अंक 10

(1) मार्टिन लुथर     (अ) पोप के वर्चस्व को मानने से इंकार

(2) हेनरी अष्टम्      (ब) धर्म व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचारों                                   का विरोध

(3) चट्टान बाँध      (स) स्थल मंडल जलमंडल और                                 वायुमंडल के बीच जुड़ा एक संकरा क्षेत्र

(4) जैव मंडल              (द) मृदा अपरदन को रोकना

(5) शोषण के विरुद्ध -   ( इ) बेगारी कराना। 

अधिकार  

उत्तर- (1) (ब), (2) (अ), (3) (द), (4) (स), (5) (इ) ।

प्रश्न 3. रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए -अंक 10

(1) संसार का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक ..............देश है।

(2) चम्पारण ...........अंचल में है।

(3) ब्रिटिश भारत के अंतिम वायसराय................. थे।

(4) कोडार बाँध................ राज्य में स्थित है।

(5) सूचना के अधिकार का उद्देश्य सरकारी कार्यों में ................लाना है।

उत्तर- (1) भारत, (2) बिहार, (3) लार्ड माउंटबेटन, (4) छत्तीसगढ़, (5) पारदर्शिता ।

प्रश्न क्रमांक 04 से 10 तक लघु उत्तरीय प्रश्नों के उत्तर लिखिए।

प्रत्येक पर 2-2 अंक निर्धारित है।

प्रश्न 4. कृषि की दृष्टि से भारत अनोखा देश क्यों है ?

उत्तर-भारत को कृषि की दृष्टि से अनोखा देश कहा जाता है,

क्योंकि-

(1) यहाँ विशाल समतल भूमि पायी जाती है।

(2) यहाँ की मृदा अनेक प्रकार की फसलें उगाने में सक्षम है।

(3) सभी प्रकार की कृषि के लिये अनुकूल परिस्थितियाँ पायी जाती हैं।

प्रश्न 5. खनिज क्या है ?

उत्तर- धरातल पर प्राकृतिक रूप में पाया जाने वाला पदार्थ जिसका निश्चित रासायनिक संघटन हो उसे खनिज कहते हैं।

प्रश्न 6. ह्यूमस का निर्माण किस प्रकार होता है ?

उत्तर- मृत पौधों और जीव-जन्तुओं से ह्यूमस का निर्माण होता है।

प्रश्न 7. सूचना प्रौद्योगिकी किसे कहते हैं ?

उत्तर- कम्प्यूटर, कैलकुलेटर, टेलीफोन और अन्य इलेक्ट्रॉ-निक उपकरण के उपयोग को सूचना प्रौद्योगिकी कहते हैं।

प्रश्न 8. छपाई कला के आविष्कार से क्या-क्या लाभ हुए?

उत्तर-छपाई कला के आविष्कार से पुस्तकों की संख्या बढ़ी, कीमतें घटी, इसलिए ज्ञान का प्रसार तेजी से हुआ।

प्रश्न 9. चुंगी कर किसे कहते हैं ?

उत्तर-एक राज्य से दूसरे राज्य में व्यापारिक माल लाने ले जाने पर वहाँ के राजा को जो कर देना पड़ता था, उसे चुंगी कर कहते थे।

प्रश्न 10. प्राचीन भारत में प्रकाशित होने वाले पाँच समाचार पत्रों के नाम लिखिए।

उत्तर-द हिन्दू, द इण्डियन मिरर, केसरी, मराठा और प्रभाकर।

प्रश्न क्रमांक 11 से 14 तक प्रश्नों के उत्तर पर 4-4 अंक निर्धारित हैं।

प्रश्न 11. मिट्टी को उपजाऊ बनाने के कौन-कौन से तरीके हैं ?

उत्तर-मिट्टी को उपजाऊ बनाने के लिए निम्न तरीकों का उपयोग किया जाना व ध्यान रखना आवश्यक है-

(1) जैविक खादों का अधिकाधिक उपयोग।

(2) फसल चक्र अपनाया जाना चाहिए।

(3) वृक्षारोपण अत्यधिक मात्रा में किया जावे।

(4) रासायनिक खादों व कीटनाशकों का उपयोग विवेकपूर्वक करना चाहिए।

(5) खेतों में खाद वाली फसलें, जैसे-सब्जी, सूरजमुखी आदि।

(6) पशुचारण का समुचित व्यवस्था किया जाना चाहिए।

प्रश्न 12. बागाती कृषि की क्या विशेषताएँ हैं ?

उत्तर-बागाती कृषि की प्रमुख विशेषताएँ इस प्रकार हैं-

(1) इसमें बड़े-बड़े बागों में केला, गन्ना, चाय, कॉफी तथा रबर के वृक्ष लगाये जाते हैं।

(2) आधुनिक यंत्र और मशीनों की आवश्यकता होती है।

(3) कुशल श्रमिक, अधिक श्रम और पूँजी की आवश्यकता होती है।

(4) फसलों का उत्पादन बागानों के क्षेत्र पर निर्भर रहता है।

(5) सुगम यातायात और व्यापारिक कंपनियाँ इसके लिये आवश्यक हैं।

प्रश्न 13. संक्षिप्त टिप्पणी लिखिए - खेड़ा सत्याग्रह।

उत्तर-खेड़ा सत्याग्रह- यह सत्याग्रह गुजरात राज्य के खेडा नामक जिले में हुआ था। खेडा जिले में भयंकर अकाल पड़ा था। इसी समय जिले में प्लेग भी फैल गया। इस दोहरे मार ने किसानों की आर्थिक स्थिति अत्यन्त कमजोर कर दिया। लेकिन अंग्रेजी सरकार ने बलपूर्वक कर वसूल करना आरंभ कर दिया। इससे मजदूर व किसान वर्ग में असंतोष फैल गया और वे लामबंद होकर आन्दोलन शुरू कर दिए। गाँधी जी ने इस आन्दोलन का नेतृत्व किया। परिणामस्वरूप सरकार को झुकना पड़ा और किसानों का लगान माफ कर दिया गया।

प्रश्न 14. जनसंख्या पिरामिड क्या है ? ये किसी देश की जनसंख्या को समझने में किस प्रकार मदद करता है ?

उत्तर- जनसंख्या की आयु अनुसार प्रदर्शन को जनसंख्या पिरामिड कहते हैं। इससे आयु वर्ग का पता चलता है। आश्रित लोगों की संख्या का ज्ञान हो जाता है। इससे श्रम शक्ति का भी - पता चलता है। विस्तृप्त मानव संसाधनों की जानकारी हो जाती है। जनसंख्या के अध्ययन का मुख्य आधार जनसंख्या पिरामिड है।

प्रश्न क्रमांक 15 से 16 तक दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों के उत्तर पर 10-10 अंक निर्धारित है।

प्रश्न 15. न्यूनतम समर्थन मूल्य क्या है ? किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की जरूरत क्यों है ?

उत्तर-किसानों को उनके फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने का फैसला किया। न्यूनतम समर्थन मूल्य वह कीमत है, जिस पर किसान चाहे तो सरकार (सोसायटी) को अपना अनाज बेच सकते हैं। सरकार इस तरह समर्थन मूल्य तय करती है, जिससे किसान को उपज की लागत मिल सके और कुछ लाभ भी हो सके। समर्थन मूल्य के कारण किसान व्यापारियों को कम कीमत पर अनाज बेचने के लिये बाध्य नहीं होते।

     इस प्रकार स्पष्ट है कि समर्थन मूल्य किसी फसल के लिये सरकार द्वारा निर्धारित वह न्यूनतम दर है, जो उसके लागत मूल्य के साथ आर्थिक लाभ भी प्रदान करता है।

अथवा, भारत के लिए अनाज की पैदावार में स्वावलम्बी होना आवश्यक है। क्यों ?

उत्तर-अनाज (खाद्यान्न) की पैदावार में स्वावलम्बी होना न केवल भारत के लिए वरन् किसी भी राष्ट्र के लिए नितांत आवश्यक होता है क्योंकि जीवन के लिये पहली अनिवार्यता 'भोजन' ही है। यदि देश में इतना खाद्यान्न उत्पन्न नहीं हो पा रहा है, जिससे देशवासियों को पर्याप्त भोजन मिल सके तो विदेशों से खाद्यान्न का आयात अत्यधिक मूल्यों पर करना पड़ेगा। परिणाम-स्वरूप देश के आय का महत्वपूर्ण हिस्सा विदेशों में चला जायेगा। इससे देश में चल रहे प्रगति के कार्य प्रभावित होंगे और देश का विकास रुक जायेगा अथवा गतिरोध उत्पन्न होगा। कई लोक-कल्याणकारी योजनाएँ धरी की धरी रह जायेंगी। यदि विकास कार्य प्रभावित होगा तो लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सीमित रह जायेंगे। इस प्रकार स्पष्ट है कि खाद्यान्न में आत्मनिर्भरता राष्ट्र के लिये अत्यावश्यक है अन्यथा देश को आर्थिक संकट और सामाजिक अशांति का सामना करना पड़ सकता है।

प्रश्न 16. इस्पात उद्योग को उद्योगों का मेरुदण्ड क्यों कहा जाता है ?

उत्तर- जो भी वस्तुएँ उपयोग में लायी जाती हैं उनमें लोहा के इस्पात का उपयोग अधिक होता है, इन्हें उद्योगों का मेरुदण्ड या आधार कहने के कारण इस प्रकार हैं-

(1) कृषि यंत्र इस्पात से बनाये जाते हैं।

(2) खनिज खोदने के संयंत्र इस्पात से बनाये जाते हैं।

(3) परिवहन साधन, रेल पटरी आदि बनाने में इस्पात का प्रयोग किया जाता है।

(4) तेल के कुएँ खोदने में इस्पात का प्रयोग होता है।

(5) विशाल भवनों का ढाँचा इस्पात से तैयार किया जाता है।

(6) पिन से लेकर हवाई जहाज तक के कलपुर्जे इस्पात से बनाये जाते हैं।

अथवा, भारत के मानचित्र पर लोहा इस्पात उद्योग खोजकर भारत के रूपरेखा मानचित्र पर उनकी स्थिति चिन्हित करें।

उत्तर - भारत के मानचित्र में प्रदर्शित लोहा इस्पात उद्योग केन्द्र-भिलाई, राउरकेला, बोकारो, दुर्गापुर, भद्रावती, सेलम, जमशेदपुर, विजयनगर और विशाखापट्नम् हैं।



Post a Comment

0 Comments